खनियाधाना — अवैध व्यापारिक गतिविधियों और मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम ममता शाक्य के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने राहुल ट्रेडर्स और चेतन ट्रेडर्स के गोदामों पर दबिश देकर उन्हें सील कर दिया।
प्रशासन को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि क्षेत्र में कुछ व्यापारी मंडी एक्ट के नियमों का उल्लंघन कर अनाज का भंडारण और व्यापार कर रहे हैं। इसी के तहत की गई औचक कार्रवाई में निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई।
कार्रवाई के दौरान राहुल ट्रेडर्स के गोदाम से 225 क्विंटल गेहूं और चेतन ट्रेडर्स के गोदाम से 1600 क्विंटल गेहूं बरामद हुआ। दोनों ही मामलों में व्यापारी मंडी शुल्क से संबंधित दस्तावेज और रसीदें प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर प्रशासन ने पूरा स्टॉक जब्त कर दोनों गोदामों को अगले आदेश तक सील कर दिया।
इस कार्रवाई में तहसीलदार निशिकांत जैन और कृषि उपज मंडी खनियाधाना का अमला भी मौजूद रहा।
एसडीएम ममता शाक्य ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध व्यापारिक गतिविधि या मंडी टैक्स चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल मंडी विभाग द्वारा जब्त अनाज का मूल्यांकन और नियमानुसार जुर्माने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।










Be First to Comment