शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हीरापुर बड़ेरा की एक महिला ने अपने ही देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को बेचने की कोशिश की गई और विरोध करने पर उसके साथ व उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
पीड़िता कमलेश जाटव पत्नी हरगोविंद जाटव ने अपने आवेदन में बताया कि उसके देवर मुकेश जाटव (ड्राइवर) निवासी हीरापुर बड़ेरा ने उसकी पुत्री खुशी की सगाई कराकर लड़के पक्ष से करीब 60 हजार रुपये ले लिए थे। जानकारी मिलने पर पीड़िता ने यह सगाई करीब 5 साल पहले तोड़ दी थी।
महिला के अनुसार, वह अपनी बेटी की दूसरी जगह सगाई कर रही थी, इसी बात से नाराज होकर 24 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे देवर मुकेश जाटव ने घर पहुंचकर विवाद किया।
आरोप है कि मुकेश जाटव व दूसरे देवर ईसरत जाटव ने महिला और उसकी मां गोमती बाई के साथ मारपीट की, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार, उसके आंखों के नीचे चोट आई और नाक में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उसकी मां को भी चोटें आईं।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि रिपोर्ट करने से कुछ नहीं होगा और वह उसे व उसके बच्चों को जान से खत्म कर देंगे। साथ ही बेटी को कहीं बेच देने की धमकी भी दी जा रही है।
पीड़िता ने बताया कि घटना के संबंध में थाना पिछोर में एफआईआर क्रमांक 0188/2026 दिनांक 25 अप्रैल को दर्ज की गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।







Be First to Comment