दो सट्टा प्रकरणों में ₹5800 जब्त, जुआ खेलते दो आरोपी पकड़े; कुल ₹7300 नकद बरामद
शिवपुरी। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने सट्टा और जुआ के मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में एक व्यक्ति सट्टा खिलवा रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने ऋषभ जादौन (19) निवासी तुलसी कॉलोनी को पकड़ लिया। उसके कब्जे से सट्टा पर्चियां, पेन और ₹1200 नकद जब्त किए गए।
इसी तरह विवेकानंद कॉलोनी के पुराने टोलटैक्स क्षेत्र से राहुल धाकड़ (22) निवासी दर्पण कॉलोनी को सट्टा खिलवाते पकड़ा गया, जिसके पास से ₹4600 और सट्टा सामग्री बरामद हुई।
एक अन्य कार्रवाई में पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र में जुआ खेलते पाए गए अरविंद राठौर (34) और नीरज राठौर (22) निवासी मनियर को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से ताश की गड्डी और ₹1500 नकद जब्त किए गए।
चारों आरोपियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम और जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि अवैध सट्टा और जुए के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







Be First to Comment