शिवपुरी। थाना करैरा पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.43 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को 16 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिरसौद निवासी अतुल लोधी गल्ला मंडी करैरा के पीछे टीन शेड के नीचे सीढ़ियों के पास स्मैक बेचने के लिए बैठा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अतुल पुत्र राधेलाल लोधी (उम्र 20 वर्ष), निवासी सिरसौद थाना अमोला, जिला शिवपुरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 20.43 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 258/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक को दयाल सिंह रावत निवासी फूलपुर थाना सीहोर से लाना बताया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।







Be First to Comment