शिवपुरी। थाना करैरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 17.50 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
16 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बसूली उर्फ सौरभ पुत्र श्रीराम यादव (उम्र 25 वर्ष) निवासी ग्राम कारोठा, हाल निवासी शंभू दयाल कॉलोनी (मंडी के पास) मुंगावली तिराहे स्थित यात्री प्रतीक्षालय में स्मैक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना की पुष्टि पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 17.50 ग्राम स्मैक पाउडर और एक इलेक्ट्रॉनिक तोल कांटा बरामद हुआ।
आरोपी स्मैक रखने का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 259/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक दयाल सिंह रावत निवासी फूलपुर थाना सीहोर से लाया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।







Be First to Comment