Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में बोर्ड परिणाम बेहतर, हायर सेकेण्ड्री में 8.20% और हाईस्कूल में 4.68% वृद्धि / Shivpuri News

शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल म.प्र. द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री परीक्षा 2026 के परिणाम में शिवपुरी जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इस वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ा है।

हायर सेकेण्ड्री परीक्षा परिणाम में 8.20 प्रतिशत तथा हाईस्कूल में 4.68 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जिले का हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 71.58 प्रतिशत एवं हायर सेकेण्ड्री परीक्षा परिणाम 78.71 प्रतिशत रहा।

मेरिट सूची में भी जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाईस्कूल में 8 छात्र-छात्राओं तथा हायर सेकेण्ड्री में 14 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है।

12वीं में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

हायर सेकेण्ड्री परीक्षा में विभिन्न संकायों में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

कला संकाय में आदर्श बंधु उमावि शिवपुरी की छात्रा दीप्ती रावत ने 487 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। विज्ञान-गणित संकाय में शासकीय मॉडल उमावि पोहरी के कान्हा शर्मा ने 490 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वाणिज्य संकाय में बाल शिक्षा निकेतन उमावि शिवपुरी की प्रतिष्ठा गौड़ ने 486 अंक प्राप्त कर पांचवां स्थान प्राप्त किया।

कृषि संकाय में उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 की तुलसी राजावत एवं इंडियन पब्लिक उमावि झींगुरा की चंचल कुशवाह ने 493-493 अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की प्रीति कुशवाह ने 488 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि संदीपनी मॉडल उमावि शिवपुरी की संजना धाकड़ ने 487 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।


10वीं में 8 विद्यार्थियों ने बनाई मेरिट

हाईस्कूल परीक्षा में भी जिले के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है।

सरस्वती विद्या मंदिर कन्या हाईस्कूल शिवपुरी के राजीव कुमार राठौर एवं बाल शिक्षा निकेतन उमावि शिवपुरी के दीपेश धाकड़ ने 8वां स्थान प्राप्त किया।

सनराइज एजुकेशन अकादमी की स्मृति पांडे, किड्स लर्निंग जोन स्कूल की आशिकी शर्मा एवं शासकीय उमावि सिरसौद के रानू प्रजापति ने 9वां स्थान हासिल किया।

वहीं उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 शिवपुरी की मोनिका प्रजापति, प्रज्ञा बाल मंदिर के रवि कुशवाह तथा संदीपनी मॉडल उमावि शिवपुरी की मंशी अग्रवाल ने 10वां स्थान प्राप्त किया।

कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी आगे की तैयारी में जुटें। असफल विद्यार्थियों को भी उन्होंने निराश न होने और मेहनत जारी रखने की सलाह दी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!