खनियाधाना। शिक्षा के क्षेत्र में खनियाधाना का नाम एक बार फिर प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। सनराइज एजुकेशन एकेडमी की होनहार छात्रा स्मृति पांडे ने माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में प्रदेश की टॉप-10 प्रावीण्य सूची में 9वां स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। इस शानदार उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और स्मृति के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
विधायक की बड़ी घोषणा—स्कूल को 25 लाख, स्मृति को गोल्ड मेडल
पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने पूर्व में की गई अपनी घोषणा को दोहराते हुए कहा कि जो भी छात्र-छात्रा प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाएगा, उसे विशेष सम्मान दिया जाएगा। स्मृति की सफलता पर सनराइज एजुकेशन एकेडमी को विधायक निधि से 25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही स्मृति पांडे, उनके माता-पिता और विद्यालय के प्राचार्य को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं क्षेत्र का गौरव होती हैं और यह प्रोत्साहन शिक्षा के स्तर को और ऊंचाई देगा।
परिवार का साथ—ताऊ ने दिया सवा लाख का इनाम
स्मृति की सफलता में परिवार का अहम योगदान रहा है। उनके ताऊ सुरेश देव पांडे ने पहले ही घोषणा की थी कि यदि स्मृति टॉप-10 में स्थान बनाती हैं तो वे उन्हें सवा लाख रुपये का नकद पुरस्कार देंगे। परिणाम आने के बाद उन्होंने अपना वादा निभाते हुए इस उपलब्धि को परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
मेहनत का मिला परिणाम
स्मृति पांडे ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों की मेहनत और अपनी निरंतर पढ़ाई को दिया। उनका कहना है कि सही दिशा में की गई मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और यह सफलता उसी का परिणाम है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और नागरिकों ने स्मृति को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं सनराइज स्कूल प्रबंधन ने इसे अपनी संस्था के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है।












Be First to Comment