नरवर। नरवर किला में दफीनाखोरों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब इन असामाजिक तत्वों ने किले में स्थित प्राचीन मां पसर देवी मंदिर को निशाना बनाते हुए मंदिर के पीछे सुरंग बनाना शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, किले में पहले भी कई स्थानों पर अवैध खुदाई कर बड़े-बड़े गड्ढे किए जा चुके हैं, लेकिन इस बार दफीनाखोरों ने मंदिर क्षेत्र को ही निशाना बना लिया। मान्यता है कि यहां प्राचीन काल में खजाना दबा हुआ है, जिसके लालच में यह गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।
मामले का खुलासा तब हुआ जब श्रद्धालु मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे और पीछे संदिग्ध खुदाई देखी। एक व्यक्ति के सुरंग में उतरने पर वहां खुदाई में उपयोग होने वाला सामान मिला। सूचना मिलते ही नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सामग्री जब्त कर सुरंग को पत्थरों से बंद कर दिया।
घटना के बाद पुरातत्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐतिहासिक धरोहर को गंभीर नुकसान हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने किले और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा दफीनाखोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल को सुरक्षित रखा जा सके।







Be First to Comment