शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत खौरघार गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ट्रैक्टर निकालने के लिए बाइक हटाने को लेकर शुरू हुए झगड़े में एक ही परिवार के चार लोगों पर लाठियों से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में ओमप्रकाश जाटव (38) पिता बादाम जाटव, उनके पिता बादाम जाटव तथा भाई मस्तराम जाटव और बाईसराम जाटव शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल की दोपहर ओमप्रकाश के भतीजे रूपेश जाटव का गांव के गिर्राज रावत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर बाइक हटाने की बात पर विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन शनिवार शाम करीब 5:30 बजे आरोपियों ने घर पहुंचकर पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि कारे रावत, सुघर सिंह रावत, जय सिंह रावत, हल्के रावत और गिर्राज रावत सहित अन्य लोगों ने लाठियों से ओमप्रकाश और उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया।
हमले में सभी घायलों को हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायलों को हमलावरों से छुड़ाया।
पुलिस ने ओमप्रकाश की शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment