Press "Enter" to skip to content

झूलते तार और जर्जर पोल से परेशान किसान, सीजन से पहले सुधार की मांग, बिजली समस्याओं पर किसानों का फूटा गुस्सा / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में बिजली व्यवस्था की बदहाल स्थिति को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया है। किसान नेता बृजेश सिंह धाकड़ के नेतृत्व में किसानों ने अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण कंपनी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

किसानों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली लाइनों के तार झूल रहे हैं और कई जगह पोल जर्जर हालत में हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि रबी और खरीफ फसलों के सीजन से पहले इनका सर्वे कर सुधार और बदलाव किया जाए, ताकि खेती कार्य प्रभावित न हो।

ज्ञापन में विद्युत विभाग के कुछ कर्मचारियों पर प्राइवेट वसूली के आरोप भी लगाए गए हैं। किसानों का कहना है कि एक ही क्षेत्र में लंबे समय से पदस्थ कर्मचारी उपभोक्ताओं से अवैध वसूली कर रहे हैं, जिन्हें तत्काल हटाकर कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा पंपों के लोड बढ़ाकर अधिक बिल थोपने का मुद्दा भी उठाया गया। किसानों के अनुसार 10 एचपी के पंप को 13-14 एचपी दर्शाकर अतिरिक्त बिल वसूला जा रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

किसानों ने ₹5 बिजली कनेक्शन योजना के प्रचार-प्रसार की कमी पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि योजना की जानकारी दिए बिना ही विद्युत अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें नोटिस मिल रहे हैं और परेशानी बढ़ रही है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!