Press "Enter" to skip to content

नरवर वन क्षेत्र में अवैध कटाई का मामला गरमाया, बीट गार्ड पर आरोप, अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध / Shivpuri News

शिवपुरी। नरवर वन क्षेत्र की बीट नरवर में अवैध कटाई का गंभीर मामला एक बार फिर सामने आया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीट गार्ड कपिल देव शर्मा की कथित मिलीभगत से हरे-भरे पेड़ों की लगातार कटाई की जा रही है। ताजा घटनाक्रम में करीब 15 से 20 पेड़ों को काटे जाने की बात सामने आई है, जिनके अवशेष अभी भी मौके पर देखे जा सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार जंगल में अवैध कटाई के मामले उजागर हो चुके हैं। इन घटनाओं को लेकर खबरें प्रकाशित होने के साथ ही वरिष्ठ वन अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

अब इस मामले में सिर्फ बीट गार्ड ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो बार-बार इस तरह की घटनाएं नहीं होतीं। लगातार शिकायतों और सबूतों के बावजूद कार्रवाई का अभाव विभागीय लापरवाही या संभावित संलिप्तता की ओर इशारा करता है।

क्षेत्र में चर्चा है कि संबंधित बीट गार्ड पर विभागीय संरक्षण बना हुआ है, जिसके चलते वह बिना किसी भय के इस तरह की गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। वहीं नरवर बीट के कई हिस्सों में कटे हुए पेड़ साफ नजर आ रहे हैं और कुछ स्थानों पर कटाई जारी रहने की आशंका भी जताई जा रही है।

इस पूरे मामले में जब सतनबाड़ा रेंजर जिज्ञासु अग्रवाल से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

अब देखना यह होगा कि वन विभाग इस मामले में कोई सख्त कदम उठाता है या फिर पहले की तरह मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा। फिलहाल स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि जंगलों की हो रही इस बर्बादी को रोका जा सके।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!