Press "Enter" to skip to content

इमलिया गांव में भीषण आग, 25 किसानों की 80-90 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले की नरवर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सिमरिया के इमलिया गांव में भीषण आग लगने से करीब 25 किसानों की 80 से 90 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस हादसे में किसानों को लाखों रुपए का भारी नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, खेतों में अचानक आग भड़क उठी और तेज हवा के चलते उसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर से जमीन काटकर तथा स्प्रे मशीनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।

सूचना पर दो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं, लेकिन पानी की कमी के कारण आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। वहीं प्रशासन को सूचना मिलते ही नरवर तहसीलदार और राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।

ग्राम सरपंच शैलेन्द्र इंदर सिंह रावत ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि इस आगजनी में उनकी खुद की करीब 8 बीघा फसल भी जल गई।

इस घटना में अंतराम कोली, संजय रावत, राजू रावत, गणेश रावत, बंटी रावत, श्रीचंद्र रावत, जीमा कोली, परमा कोली, बाबू कोली, रामराश रावत, प्राण सिंह परिहार सहित करीब 25 किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।

प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों और सरपंच ने प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!