शिवपुरी। जिला कांग्रेस कमेटी शिवपुरी द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए किसानों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि गेहूं उपार्जन की तिथियों में बार-बार बदलाव से किसानों में असंतोष बढ़ रहा है। पहले खरीदी की तारीख 23 मार्च निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में 1 अप्रैल, फिर 10 अप्रैल और अब 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया। इस देरी के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में कठिनाई हो रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सहकारी संस्थाओं के ऋण की अंतिम तिथि 31 मार्च तय होने के कारण कई किसान डिफॉल्टर की स्थिति में आ गए हैं। वहीं मजबूरी में किसानों को अपनी फसल 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के कम दामों पर बेचनी पड़ रही है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने मांग की है कि गेहूं उपार्जन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऋण वसूली की समय सीमा बढ़ाने एवं डिफॉल्टर किसानों को राहत देने की मांग भी की गई।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से किसानों को उचित मूल्य दिलाने और व्यवस्थाओं में सुधार करने की अपील की गई। इस दौरान कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Be First to Comment