करैरा। थाना करैरा पुलिस ने “ऑपरेशन मैट्रिक्स” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राजीय सायबर फ्रॉड गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 2 लाख 62 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले झारखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य साथियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 12 जनवरी 2026 को फरियादी श्याम कुमार गुप्ता (49 वर्ष), निवासी करैरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपी द्वारा उनके खाते से 2.62 लाख रुपये ऑनलाइन ठगी कर निकाल लिए गए। इस पर थाना करैरा में अपराध क्रमांक 28/2026 धारा 308, 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मैट्रिक्स” के तहत सायबर अपराधों पर सख्ती बरतते हुए टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी करैरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी करैरा ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों को ट्रेस किया।
पुलिस ने 8 अप्रैल 2026 को झारखंड निवासी दो आरोपियों बेदांत गुप्ता (20 वर्ष), जिला हजारीबाग गौरव मेहता (20 वर्ष), जिला हजारीबाग को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया और रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया। पुलिस ने जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई थी, उन्हें साइबर माध्यम से होल्ड करा दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्य झारखंड और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनोद छावई, उपनिरीक्षक चेतन शर्मा, चौकी प्रभारी सुनारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।







Be First to Comment