शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मामले का महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी गई करीब ढाई लाख रुपए कीमत की ट्रॉली एवं घटना में प्रयुक्त स्वराज ट्रैक्टर (कीमत लगभग 8 लाख रुपए) बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, विनोद चौधरी पुत्र भनता चौधरी, निवासी ग्राम जामखो ने 6 अप्रैल 2026 को थाना सिरसौद ने बताया की कि 5-6 अप्रैल की रात उसके भाई मुकेश जाटव के घर के बाहर झिरी खोरघार रोड पर खड़ी नीले रंग की ट्रॉली अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम खोरघार में दबिश दी, जहां एक व्यक्ति ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित खेत में छिपा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम वीरेंद्र रावत (35) पुत्र जलेश्वर रावत, निवासी ग्राम रतनपुर थाना सबलगढ़ जिला मुरैना बताया और ट्रॉली चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई ट्रॉली एवं घटना में प्रयुक्त स्वराज ट्रैक्टर कुल कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपए बरामद कर जब्त किए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।







Be First to Comment