शिवपुरी। शहर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को पुनः स्थापित कराने एवं शहर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जिला शिवपुरी द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि माधव चौक स्थित पेट्रोल पंप के पीछे पहले बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित थी, जिसे कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित/हटा दिया गया। इसके बाद से अब तक उक्त स्थान पर दोबारा प्रतिमा स्थापित नहीं की गई है, जिससे समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
संगठन ने आरोप लगाया कि उक्त स्थल पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जहां शराब पीने एवं गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियां हो रही हैं। इससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि उक्त स्थान पर शीघ्र ही बाबा साहब की प्रतिमा पुनः स्थापित कराई जाए। साथ ही आगामी 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर शहर के सभी अंबेडकर पार्कों की साफ-सफाई कराई जाए एवं उस दिन शहर की शराब दुकानों को बंद रखने की भी मांग की गई है।
संगठन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहे।







Be First to Comment