शिवपुरी। शहर के वार्ड क्रमांक 36 फिजिकल क्षेत्र स्थित ढीमर मोहल्ले के रहवासी पिछले करीब 2 साल से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। आरोप है कि नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से नल का बिल तो भेजा जा रहा है, लेकिन पानी की सप्लाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर माह करीब 200 रुपए का बिल आ रहा है, जबकि घरों में पानी नहीं पहुंच रहा। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा बिल जमा नहीं करने पर पेनल्टी लगाने की चेतावनी दी जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
रहवासियों ने बताया कि पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें मजबूरन 600 रुपए तक खर्च कर टैंकर मंगवाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है। खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए यह स्थिति बेहद परेशान करने वाली बन गई है।
मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जब तक नियमित पानी की सप्लाई शुरू नहीं होती, तब तक नल के बिल माफ किए जाएं और जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए।







Be First to Comment