शिवपुरी शहर के शांति नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 में आवारा कुत्तों की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। आज सुबह करीब 6 बजे एक छात्रा कोचिंग के लिए घर से निकली ही थी कि अचानक आवारा कुत्तों का झुंड उसके पीछे पड़ गया। कुत्तों से बचने के प्रयास में छात्रा अपनी गाड़ी से संतुलन खो बैठी और घर के बाहर रखी पटिया से टकरा गई।
इस हादसे में छात्रा को मामूली चोटें आई हैं। पूरी घटना पास ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जो इलाके में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को साफ दर्शाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका में कई बार शिकायत की जा चुकी है, यहां तक कि 181 हेल्पलाइन पर भी सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। घटना स्थल ठाकुर बाबा मंदिर के सामने वाली गली का है, जहां आए दिन आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है।
निवासियों ने नगर पालिका से जल्द कार्रवाई कर आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।








Be First to Comment