शिवपुरी। जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बुजुर्ग पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोटा नाका गांव निवासी बल्ला जाटव सुबह करीब 5 बजे जंगल में महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह बुजुर्ग को भालू से बचाया और तुरंत खरई के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर घायल को शिवपुरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया।
वन विभाग के रेंजर गोपाल जाटव ने बताया कि जंगल में जाने से मना करने के बावजूद लोग महुआ बीनने पहुंच जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे होते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।
फिलहाल घायल बुजुर्ग का ग्वालियर में इलाज जारी है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।







Be First to Comment