खनियांधाना। संकटमोचन हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर धर्मनगरी खनियांधाना पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। नगर के प्रसिद्ध टेकरी सरकार मंदिर पर सुबह जन्मोत्सव के समय मंदिर को आकर्षक सजावट से स्वर्ग जैसा रूप दिया गया और महाप्रसाद वितरित किया गया।
शाम के समय नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें भगवान हनुमान का सुसज्जित विमान आकर्षण का केंद्र रहा। पूरे नगर में “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
जुलूस टेकरी सरकार मंदिर से प्रारंभ होकर पुरानी नगरपालिका चौराहा, चांदनी चौक, गांधी चौक, हिंद गली, मुसाहिब मोहल्ला और पुराना बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर पहुंचा, जहां महाआरती के साथ समापन हुआ।
नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया और विमान की आरती उतारकर पुण्य लाभ कमाया। डीजे और ढोल-ताशों की धुन पर युवा और बुजुर्ग भक्ति में झूमते नजर आए, वहीं श्रद्धालु भगवा ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
आयोजन के दौरान थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।
नगरवासियों का कहना है कि टेकरी सरकार के प्रति उनकी अटूट आस्था है और हर वर्ष यह आयोजन नई भव्यता के साथ मनाया जाता है।









Be First to Comment