शिवपुरी: जिले के पोहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिगडोली निवासी एक किसान ने परिवार सहित मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक कैलाश कुशवाह ने बताया कि 25 मार्च 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ गेहूं की फसल थ्रेसर से निकाल रहा था। तभी गांव के मक्के कुशवाह सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, बीच-बचाव करने आई उसकी मां, पत्नी और बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान आरोपियों सोनू कुशवाह, मुकेश कुशवाह और दीपक कुशवाह ने भी हमला किया, जिससे परिवार के कई सदस्यों को चोटें आईं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने पत्नी के चांदी के कड़े (करीब 500 ग्राम) छीन लिए और खेत से लगभग 15 क्विंटल गेहूं भी ले गए।
पीड़ित ने बताया कि मामले की रिपोर्ट थाना छर्च में 26 मार्च को दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। साथ ही आरोपी लगातार जान से मारने और गांव से बेदखल करने की धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, परिवार की सुरक्षा और लूटी गई संपत्ति वापस दिलाने की मांग की है।







Be First to Comment