शिवपुरी। शहर के माधव चौक क्षेत्र में देर रात एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां थार सवार युवकों ने कार में जा रहे चार युवकों को रोककर उनके साथ मारपीट कर दी और कार में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार बिक्की जोशी (22) निवासी पुरानी शिवपुरी ने बताया कि 24 मार्च की रात करीब 12:20 बजे वह अपने दोस्त वंश धानुक, अभिषेक खटीक और आशीष जाटव के साथ कार (MP07MP0006) से ग्वालियर बायपास की ओर जा रहे थे।
माधव चौक पर बीच सड़क में खड़ी बिना नंबर की ओपन थार गाड़ी को देखकर उन्होंने हॉर्न बजाया। इसके बाद थार चालक ने रास्ता दे दिया, लेकिन कुछ दूरी पर वी-मार्ट के आगे मस्जिद के पास उसी थार ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
थार से उतरे चार युवकों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर डंडों से हमला कर दिया। हमले में बिक्की जोशी को गाल और पैर में चोट आई, जबकि वंश धानुक के चेहरे, नाक और हाथ में चोट लगी। आरोपियों ने कार का आगे का शीशा और बंपर भी तोड़ दिया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों में से दो ने अपने नाम रियान मिर्जा और दानिस बताए। घटना के दौरान अभिषेक खटीक और आशीष जाटव ने बीच-बचाव किया। जाते समय आरोपियों ने रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









Be First to Comment