शिवपुरी। जिले में चल रहे बृहद स्वास्थ्य शिविर ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज की है। श्रीमंत राजमाता विजय राजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज, शिवपुरी में पहली बार लेजर तकनीक से सर्जरी सफलतापूर्वक की गई।
रोटरी मेडिकल मिशन एवं माधव मेडिकल मिशन के तहत आयोजित इस शिविर में पाइल्स के मरीजों का लेजर ऑपरेशन प्रसिद्ध लेप्रोस्कोपिक एवं लेजर सर्जन डॉ. राम गोयल द्वारा किया गया, जो विशेष रूप से जोधपुर से अपनी मशीन के साथ पहुंचे थे।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. डी. परमहंस ने बताया कि इस उन्नत तकनीक के लिए पहले मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था और भारी खर्च उठाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा शिवपुरी में ही उपलब्ध हो रही है। उन्होंने स्वयं भी एक मरीज का लेजर ऑपरेशन किया।
इस सर्जरी की खासियत यह है कि इसमें दर्द कम होता है, ब्लड लॉस न के बराबर होता है और मरीज जल्दी स्वस्थ होकर अपने काम पर लौट सकता है।
इस दौरान एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. शिल्पा अग्रवाल, डॉ. नीति अग्रवाल एवं नर्सिंग इंचार्ज सिस्टर प्रियंका सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
लेजर सर्जरी से लाभान्वित मरीजों में आसाराम (कोलारस), गीताबाई (जमुनिया), मुन्नालाल (छत्री शिवपुरी) और राजकुमार (सिंगरई) शामिल हैं।
वहीं, मेडिकल कॉलेज में एक बच्ची राधिका की प्लास्टिक सर्जरी कर माथे पर बनी खून की नस की गांठ (हीमैंजियोमा) को सफलतापूर्वक हटाया गया, जिससे उसे तुरंत राहत मिली और चेहरे पर कोई स्थायी निशान भी नहीं रहेगा।
यह स्वास्थ्य शिविर अब जिले के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जहां देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देकर मरीजों को अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध करा रहे हैं।







Be First to Comment