शिवपुरी। जिले के बैराड़ क्षेत्र में टमाटर व्यापार के नाम पर करीब 18 लाख 86 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम बरौद निवासी नीरज धाकड़ ने बताया कि गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी भोला गुप्ता ने जनवरी 2026 में क्षेत्र के किसानों से टमाटर खरीदे थे। आरोपी कुछ दिनों तक उसके घर पर ही रुका और माल खरीदकर ट्रांसपोर्ट करता रहा। शुरुआत में भुगतान करता रहा, लेकिन बाद में 18,86,840 रुपए का भुगतान किए बिना ही फरार हो गया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। उसके परिजनों से संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
नीरज धाकड़ ने बताया कि इस संबंध में 21 जनवरी को थाना बैराड़ में शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक पुलिस ने कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया है।
पीड़ित और अन्य किसान आरोपी के घर गोरखपुर तक भी पहुंचे, लेकिन वहां भी राशि वापस नहीं मिली। अब किसानों द्वारा लगातार भुगतान की मांग किए जाने से पीड़ित मानसिक तनाव में है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी और राशि दिलाने की मांग की है।







Be First to Comment