शिवपुरी। जिले के पिछोर क्षेत्र की एक युवती ने अपने पिता और सौतेली मां पर मारपीट, घर से निकालने और शादी नहीं होने देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम मनपुरा निवासी 19 वर्षीय चाहना परिहार ने शिकायत में बताया कि उसकी मां का निधन हो चुका है, जिसके बाद उसके पिता बलवीर परिहार ने दूसरी शादी कर ली। आरोप है कि करीब तीन वर्ष पूर्व पिता और सौतेली मां रीता परिहार ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अलग-अलग रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर रही और वर्तमान में अपनी बुआ के यहां निवास कर रही है।
पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता उसकी शादी नहीं होने दे रहे हैं। जब उसके रिश्तेदार शादी कराने का प्रयास करते हैं तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। साथ ही युवती ने जादू-टोना कराने के आरोप भी लगाए हैं, जिससे उसकी तबीयत खराब रहने की बात कही गई है।
युवती ने यह भी बताया कि उसके पिता ने संपत्ति सौतेली मां के नाम कर दी है, जिसका मामला न्यायालय में लंबित है।
पीड़िता ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।







Be First to Comment