शिवपुरी। मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के आह्वान पर सोमवार 16 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी जिलों की तरह शिवपुरी में भी कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा कर दी। इस दौरान मंडीखेड़ा जल विद्युत गृह, मड़ीखेड़ा में अधीक्षण यंत्री मनोज कुमार सोनी को ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
महासंघ ने बताया कि प्रबंध निदेशक, ऊर्जा मंत्रालय और ऊर्जा मंत्री को कई बार पत्राचार और द्विपक्षीय वार्ता के बाद भी कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में अब संगठन प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन करेगा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लगभग 15 वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, वर्ष 2013 की परीक्षा के बाद संविदा पर रखे गए कर्मचारियों को नियमित करना, नियमित कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर करना और गृह जिला स्थानांतरण नीति लागू करना शामिल है। इसके अलावा फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ को पदोन्नति के अवसर देने, 1979 के कर्मचारियों से जुड़े उच्च न्यायालय के निर्णय को लागू करने तथा 2018 के बाद नियुक्त कार्यालय सहायकों के वेतनमान में सुधार की मांग भी रखी गई।
महासंघ ने करीब 50 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग निगम बनाने, महंगाई के अनुसार वेतन वृद्धि, जोखिम, चिकित्सा और रात्रिकालीन भत्ता देने, बीमा राशि 5 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए करने और बिना कारण छंटनी रोकने की मांग भी उठाई है।
इसके साथ ही मीटर रीडरों के नियमितीकरण, पेंशन में महंगाई भत्ता, सहायक राजस्व अधिकारियों को पदोन्नति, उच्च योग्यता पर अतिरिक्त वेतनवृद्धि, लंबित अनुकंपा नियुक्ति, एलटीसी, गृह यात्रा भत्ता, ओपीएस लागू करने तथा डिप्लोमाधारी कर्मचारियों को कनिष्ठ यंत्री का करंट चार्ज देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
महासंघ ने आंदोलन की रूपरेखा भी घोषित की है, जिसके तहत 16 मार्च के बाद जिलों में सूचना व प्रदर्शन, 2 अप्रैल को सभी जिलों व कंपनी मुख्यालयों पर धरना और 16 अप्रैल को भोपाल में रैली व धरना किया जाएगा।
ज्ञापन कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री जितेंद्र श्रीवास्तव, दीपक कुमार शिवहरे, शुभम बंसल, कपिल चौधरी, बृजेंद्र असैया, ज्योति आर्य, रोहित त्रिपाठी, आशुतोष प्रजापति, गौरव अग्रवाल, संदीप सेन, रघुनंदन धाकड़, लोकेश शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Be First to Comment