शिवपुरी: ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी खनियाधाना द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों के ऋण वसूली की तिथि बढ़ाने एवं गेहूं पंजीयन की अंतिम तिथि आगे बढ़ाने की मांग की गई है।
इस दौरान किसान कांग्रेस कमेटी ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाल के नेतृत्व में किसान कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाल ने बताया कि सरकार द्वारा गेहूं पंजीयन की अंतिम तिथि 10 मार्च निर्धारित की गई थी, लेकिन सर्वर की समस्या और तकनीकी कारणों के चलते लगभग 30 से 40 प्रतिशत किसान पंजीयन नहीं करा पाए, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल से गेहूं की तुलाई शुरू हो रही है, जबकि किसानों से सोसायटी का ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च तय की गई है। ऐसी स्थिति में किसान पहले ऋण जमा करें या अपनी फसल बेचें, यह बड़ी समस्या बन गई है।
किसान कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि गेहूं पंजीयन की तिथि बढ़ाई जाए तथा सोसायटी ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च से बढ़ाकर 1 मई की जाए, ताकि किसान अपनी उपज बेचकर आसानी से ऋण जमा कर सकें और डिफाल्टर होने से बच सकें।
ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार पाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की मांग जल्द पूरी नहीं की गई तो किसान कांग्रेस द्वारा आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस कमेटी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने किसानों के हित में संघर्ष जारी रखने की बात कही।







Be First to Comment