पिछोर। थाना पिछोर पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अश्लील वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं। मौके से एक कार और तीन मोबाइल फोन समेत करीब 4 लाख 10 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रदेश स्तर पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मेट्रिक्स’ के तहत साइबर अपराधियों और फर्जी बैंक खातों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ के निर्देश और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में 15 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम कछौआ के जंगल में दबिश दी गई।
पुलिस ने बताया कि जंगल में कुछ लोग खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को डरा-धमका रहे थे और साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि तीन आरोपी भाग निकले। इस मामले में थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 117/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में प्रकरण कायम किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में ठाकुरदास पुत्र जहार सिंह लोधी निवासी पारेश्वर थाना पिछोर, चंद्रशेखर पुत्र केशव सिंह लोधी निवासी पारेश्वर थाना पिछोर तथा भोला उर्फ भोलू पुत्र सबरजीत लोधी निवासी छितीपुर थाना दिनारा शामिल हैं। वहीं अचेन्द्र, दशरथ और नवल फरार बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वे अब तक साइबर ठगी से एक करोड़ रुपए से अधिक की रकम हासिल कर चुके हैं। इस रकम को मकान, प्लॉट, वाहन, शादी समारोह और भोग-विलास पर खर्च करना बताया गया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस विवेचना जारी होने की बात कह रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।







Be First to Comment