शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस निवासी जैन परिवार की बेटी साक्षी जैन की शादी की खुशियां अब गहरे मातम में बदल गई हैं। विदिशा जिले के गंजबासौदा शादी के लिए जा रहे परिवार का काफिला बरखेड़ा गांव के पास भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया था। इस हादसे में पहले दुल्हन के जीजा और बोलेरो चालक की मौत हो चुकी थी, वहीं अब गंभीर रूप से घायल दुल्हन साक्षी जैन ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार जैन परिवार अपनी बेटी साक्षी जैन की शादी के लिए गाड़ियों के काफिले के साथ गंजबासौदा जा रहा था। इसी दौरान बरखेड़ा गांव के पास शादी के काफिले में शामिल अर्टिगा कार की सामने से आ रही बोलेरो से सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कार में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल अशोकनगर पहुंचाया।
इस दुर्घटना में 36 वर्षीय वैभव जैन निवासी ब्यावरा की मौके पर ही मौत हो गई थी। वैभव जैन दुल्हन साक्षी के जीजा थे और परिवार के साथ शादी में शामिल होने जा रहे थे। वहीं बोलेरो चला रहे 20 वर्षीय राहुल यादव की भी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। राहुल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा बताया गया है और कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था।
हादसे में दुल्हन साक्षी जैन को सबसे गंभीर चोटें आई थीं। उसके सिर में 36 टांके लगे थे, जबकि हाथ और पैर भी फ्रैक्चर हो गए थे। गंभीर हालत में उसे भोपाल रेफर किया गया था, जहां वह कई दिनों से कोमा में थी। रविवार शाम करीब 4 बजे भोपाल के अस्पताल में इलाज के दौरान साक्षी जैन की मौत हो गई।
हादसे में दुल्हन की मां शीला बाई, परिवार की बुजुर्ग सदस्य प्रेम बाई, खुशबू जैन और डेढ़ साल की एक मासूम बच्ची भी घायल हुई थीं। अर्टिगा कार चला रहे कोलारस निवासी 28 वर्षीय सौरभ खटीक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। बताया जा रहा है कि उनके दोनों पैर बुरी तरह टूट गए हैं और उनका इलाज जारी है।
यह हादसा पूरे परिवार और क्षेत्र के लिए गहरा सदमा बन गया है। शादी की खुशियां चंद पलों में मातम में बदल गईं।







Be First to Comment