Press "Enter" to skip to content

प्रधानमंत्री के भाषण की नकल कर वीडियो बनाने पर शिक्षक निलंबित, विधायक प्रीतम लोधी हस्तक्षेप के बाद हुईं कार्रवाई / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पोहरी विकासखंड में पदस्थ एक प्राथमिक शिक्षक को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

मामला तब सामने आया जब पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रीतम लोधी ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत की। शिकायत में बताया गया कि शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी, संकुल केंद्र बैराड़, विकासखंड पोहरी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक साकेत पुरोहित ने प्रधानमंत्री के भाषण की नकल करते हुए एक वीडियो क्लिप बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिसमें कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।

विधायक ने पत्र में कहा कि इस तरह की गतिविधि से शिक्षक की गरिमा और शासकीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन होता है तथा समाज में गलत संदेश जाता है। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की थी।

शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी शिवपुरी ने आदेश जारी करते हुए शिक्षक साकेत पुरोहित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश में उल्लेख किया गया है कि शिक्षक द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने से विभाग की छवि धूमिल हुई है, जो कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन है।

निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!