शिवपुरी। जिले के पिछोर तहसील के ग्राम खोड़ में शासकीय माध्यमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिला ने कुछ लोगों पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और परेशान करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार ग्राम खोड़ निवासी श्रीमती रामकुंवर जाटव, पत्नी कोमल जाटव, पिछले लगभग 10 वर्षों से विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने का कार्य कर रही हैं। महिला का कहना है कि स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों, शिक्षकों या अन्य किसी व्यक्ति ने आज तक उनके काम को लेकर कोई शिकायत नहीं की।
महिला का आरोप है कि गांव के बल्लू नीखरा और निक्की नीखरा उसे लंबे समय से परेशान कर रहे हैं और काम से हटाने का दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि वे उसे नौकरी छोड़ने के लिए कहते हैं और मना करने पर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि 11 मार्च 2026 को जब वह अन्य महिलाओं के साथ भोजन वितरण के बाद खाना खा रही थी, उसी दौरान उक्त लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज कर जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया।
महिला का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत पुलिस चौकी खोड़ में भी की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए उसने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।







Be First to Comment