शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिल्लारपुर निवासी एक युवक ने गांव के कुछ लोगों पर गोली मारकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित का कहना है कि थाने में केवल सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जबकि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी।
शिकायतकर्ता कांता ओझा पुत्र नीलूजी ओझा निवासी ग्राम सिल्लारपुर थाना करैरा ने बताया कि 11 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव के शिवम केवट, प्रमोद केवट, संजय जाटव और अन्य लोग वहां आए और उसकी मां-बहन की गालियां देने लगे।
जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और 315 बोर के कट्टे से फायर कर दिया। गोली उसके दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद परिजन उसे करैरा अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
पीड़ित का आरोप है कि करैरा थाना पुलिस ने इस मामले में केवल धारा 296(एल), 115(2), 351(3), 5 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि आरोपियों ने हत्या के प्रयास की वारदात की थी। साथ ही अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं की गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में धारा 109 बीएनएस (हत्या का प्रयास) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके और उसकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।







Be First to Comment