बैराड़। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद पोहरी के अंतर्गत नवांकुर संस्था मानवी कल्याण समाज सेवा समिति सेक्टर बैराड़ क्रमांक-05 द्वारा प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर के आदर्श ग्राम ककरौआ में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा गायत्री माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार से आनंद अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजक संस्था की ओर से सभी समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मेंटर्स ब्रजेश शर्मा ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण चार सत्रों में आयोजित किया गया। विकासखंड समन्वयक श्रीमती राधा शर्मा ने जन अभियान परिषद की योजनाओं और समितियों की जिम्मेदारियों एवं दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में नवांकुर प्रतिनिधि गिर्राज शर्मा ने बताया कि प्रस्फुटन समितियों को एनजीओ के रूप में विकसित कर सोसाइटी रजिस्ट्रेशन अधिनियम के तहत पंजीयन कराया जा सकता है, जिससे शासन से जुड़कर बड़े स्तर पर कार्य किए जा सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान मेंटर्स ब्रजेश शर्मा ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा और उसके विभिन्न चरणों के बारे में जानकारी देते हुए ग्राम विकास में समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि किए गए कार्यों का दस्तावेजीकरण और रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रूप से रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति टोरिया खालसा, गिरमानी, गोवर्धन, ककरौआ और बूडदा के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य सहित नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं। इस अवसर पर समाजसेवी परमाल सिंह तोमर ने सभी से मिलकर ग्राम विकास के कार्यों में सहयोग करने का आह्वान किया।
गायत्री परिवार के आनंद अग्रवाल ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। अंत में नवांकुर प्रतिनिधि गिर्राज शर्मा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।








Be First to Comment