Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में छह वर्षीय बच्चियों से बदसलूकी के आरोपी का जुलूस, पुलिस ने पैदल घुमाकर न्यायालय में किया पेश / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में दो छह वर्षीय बच्चियों से बदसलूकी के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी का जुलूस निकाला। पुलिस ने आरोपी को इलाके में पैदल घुमाते हुए कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम दोनों बच्चियां घर के बाहर गली में खेल रही थीं। इसी दौरान एक युवक ने उन्हें चॉकलेट देने का लालच दिया और कथित रूप से उनके साथ गलत हरकत की। घटना के बाद एक बच्ची घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद दूसरी बच्ची ने भी युवक की हरकत की पुष्टि की।

मामले की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सीधे फिजिकल थाने ले जाया गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण भी हो गया था।

स्थिति को संभालने के लिए फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया सबसे पहले मौके पर पहुंचीं और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ भी थाने पहुंचे। मामला बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले को भी मौके पर पहुंचना पड़ा।

करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद देर रात पुलिस ने आरोपी बल्लू साहू पुत्र धनीराम साहू, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम मुगावली थाना करैरा, हाल निवासी इंदिरा कॉलोनी शिवपुरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(1) तथा लैंगिक अपराध से संबंधित धारा 11 व 12 के तहत मामला दर्ज किया।

बुधवार को पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!