शिवपुरी। के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत लुधावली इलाके में बीती रात एक टपरिया में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत रही कि समय रहते घर में सो रही बुजुर्ग महिला और एक बच्ची बाहर निकल आईं, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार टपरिया मालिक अर्घेश गोस्वामी ने बताया कि घटना के समय उनके माता-पिता घर से बाहर गए हुए थे और वह स्वयं भी घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान घर के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी उठी और देखते ही देखते पूरी टपरिया आग की चपेट में आ गई।
जब अर्घेश घर लौटे तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। उस समय घर के अंदर उनकी बुजुर्ग मां और छोटी भतीजी सो रही थीं। आग की आहट मिलते ही दोनों समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घर में बंधी एक गाय आग की चपेट में आकर झुलस गई।
पीड़ित के अनुसार आगजनी में घर में रखे करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद जल गए। इसके अलावा टीवी, कूलर, राशन और ड्रम में रखा गेहूं भी पूरी तरह नष्ट हो गया। अर्घेश गोस्वामी खिलौनों की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, उनका पूरा खिलौनों का स्टॉक भी आग में जल गया। इस घटना में लगभग 1.5 से 2 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि घर के पास से गुजर रही बिजली की लाइनें काफी नीचे थीं, जिससे यह हादसा हुआ। अब परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना जीवन पटरी पर ला सकें।






Be First to Comment