शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के छितीपुर गांव में मंगलवार देर रात एक किसान की झोपड़ी में आग लगने की घटना सामने आई है। इस आगजनी में झोपड़ी के साथ उसमें रखा खेती-किसानी का सामान, गेहूं, बीज और गृहस्थी का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार छितीपुर गांव निवासी किसान दीपक राजपूत के घर के पास एक बड़ी झोपड़ी बनी हुई थी, जिसमें खेती से जुड़ा सामान और अनाज रखा हुआ था। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे झोपड़ी से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसे देखकर दीपक राजपूत और उनके परिवार के सदस्य जाग गए।
परिजनों ने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपड़ी में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
बताया जा रहा है कि आगजनी में करीब 1 क्विंटल गेहूं, 7 क्विंटल अरवी का बीज, खेती के उपकरण और गृहस्थी का अन्य सामान नष्ट हो गया।
पीड़ित किसान दीपक राजपूत ने आरोप लगाया है कि उनका पड़ोसी जेहान सिंह लोधी उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है और अक्सर उसी स्थान पर घूरा फेंकता रहता है। दीपक को आशंका है कि उसी ने इस आगजनी की वारदात को अंजाम दिया है।
किसान ने इस मामले में दिनारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।









Be First to Comment