शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र की मोहनी सागर कॉलोनी में बुधवार सुबह चैन स्नेचिंग की घटना सामने आई है। मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही एक शासकीय शिक्षक की पत्नी के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चैन झपटकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मोहनी सागर कॉलोनी के एफ-15 निवासी शासकीय शिक्षक कौशल गौतम की 57 वर्षीय पत्नी दीपक गौतम बुधवार सुबह टीवी टॉवर रोड स्थित शीतला माता मंदिर में दर्शन करने गई थीं। सुबह करीब 8:15 बजे जब वह मंदिर से लौटकर मोहनी सागर कॉलोनी के गेट नंबर-4 से अंदर प्रवेश कर रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
पता पूछने के बहाने झपट्टा
युवकों ने महिला से कॉलोनी में रहने वाले जैन साहब का पता पूछा। महिला ने बताया कि जैन परिवार पीछे वाले ब्लॉक में रहता है। इसी दौरान एक युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चैन झपट ली और दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए।
हेलमेट और गमछे से ढका था चेहरा
पीड़िता के अनुसार बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा युवक गले में गमछा डालकर आधा चेहरा ढके हुए था। दोनों बदमाशों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।









Be First to Comment