Press "Enter" to skip to content

बैराड़ में ज्वेलर्स की दुकान पर चोरी, ग्राहक बनकर आई दो महिलाएं 1.25 लाख के सोने के टॉप्स लेकर फरार / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के बैराड़ कस्बे में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मुख्य बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान का है, जहां ग्राहक बनकर आई दो महिलाओं ने दुकानदार को बातों में उलझाकर दो जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी कर लिए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार बैराड़ थाना क्षेत्र में नगर परिषद के पास मोहना–पोहरी रोड पर स्थित मां अंबे ज्वेलर्स की दुकान पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे दो महिलाएं एक छोटे बच्चे के साथ पहुंचीं। महिलाओं ने दुकान संचालक महावीर प्रसाद गुप्ता से सोने के टॉप्स दिखाने को कहा।

दुकानदार जब उन्हें टॉप्स दिखा रहे थे, तभी एक महिला उन्हें बातचीत में उलझाए रही। इसी दौरान दूसरी महिला ने मौका पाकर बड़ी सफाई से दो जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी कर लिए। चोरी हुए टॉप्स का वजन करीब 8 ग्राम बताया जा रहा है, जिनकी कीमत लगभग 1.25 लाख रुपए आंकी गई है।

महिलाओं के जाने के बाद जब दुकानदार ने सामान का मिलान किया तो दो जोड़ी टॉप्स गायब मिले। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन महिलाएं नहीं मिलीं। बाद में जब दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखे गए तो दोनों महिलाएं टॉप्स चोरी करती हुई नजर आईं।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!