बदरवास। रेलवे सुविधा संघर्ष समिति ने बदरवास रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज सहित यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग को लेकर केंद्रीय संचार मंत्री, केंद्रीय रेल मंत्री, रेलवे बोर्ड, जीएम और डीआरएम को मांगपत्र भेजा है। समिति का कहना है कि इससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
समिति के गोविंद अवस्थी ने बताया कि बदरवास स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस, लक्ष्मीबाई नगर–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, झांसी–बांद्रा एक्सप्रेस, ग्वालियर–बेंगलुरु एक्सप्रेस और इंदौर–अमृतसर एक्सप्रेस के स्टॉपेज की लंबे समय से मांग की जा रही है। बदरवास एक प्रमुख व्यापारिक नगर है और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में यात्री यहां से सफर करते हैं।
समिति के गोविंद अवस्थी, मनीष बैरागी और कपिल परिहार ने बताया कि इन ट्रेनों का स्टॉपेज होने से यात्रियों को ऋषिकेश, हरिद्वार, मथुरा-वृंदावन, उज्जैन सहित दिल्ली, मुंबई, अमृतसर और बेंगलुरु जाने में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में यात्रियों को इन ट्रेनों में यात्रा करने के लिए शिवपुरी या गुना जाना पड़ता है।
ये भी प्रमुख मांगें:
प्लेटफॉर्म पर बड़ा टीनशेड लगाया जाए और दूसरा प्लेटफॉर्म बनाया जाए।
स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण हो।
बदरवास स्टेशन को अमृत भारत योजना में शामिल किया जाए।
रिजर्वेशन काउंटर और आरपीएफ आउट पोस्ट खोली जाए।
गुना–ग्वालियर के बीच दिन में मेमू ट्रेन चलाई जाए।
इंदौर–ऊना हिमाचल एक्सप्रेस को रोजाना चलाया जाए।
ग्वालियर–इंदौर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाए।
बदरवास स्टेशन पर रैक प्वाइंट बनाया जाए।








Be First to Comment