शिवपुरी। जिले के पिछोर क्षेत्र के ग्राम करारखेड़ा स्थित प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर भगवान शिव की जलाधारी पर चढ़ी करीब 5 किलो चांदी उखाड़कर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात में मंदिर के पट बंद होने के बाद चोर मंदिर परिसर में घुस आए और गर्भगृह में स्थापित शिवलिंग की जलाधारी पर चढ़ी चांदी को औजारों की मदद से उखाड़कर फरार हो गए। सुबह जब पुजारी और श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो जलाधारी से चांदी गायब देख सभी हैरान रह गए।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दी गई। चोरी की खबर फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल चोरी नहीं बल्कि आस्था पर चोट है।
सूचना मिलने पर पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है।







Be First to Comment