शिवपुरी। शहर की पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पुरानी शिवपुरी के बड़ा बाजार निवासी कोमल रजक ने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उसका पति ओमी रजक आए दिन शराब पीकर घर आता है और गाली-गलौज करता है। वह शराब के लिए पैसों की मांग करता है और पैसे नहीं देने पर उसके साथ मारपीट करता है।
महिला का आरोप है कि 5 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे उसका पति शराब के नशे में घर आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोट आई। बीच-बचाव करने आई उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसके हाथ में चोट आई है। महिला का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत देहात थाना में भी की, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई, इसलिए उसने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर ओमी रजक ने भी एसपी को दिए आवेदन में अपनी पत्नी कोमल रजक पर आरोप लगाए हैं। ओमी का कहना है कि उसकी शादी वर्ष 2011 में कोमल रजक से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। ओमी का आरोप है कि उसकी पत्नी का पीएसएस न्यू लाइफ निवासी गोविंद मांझी के साथ प्रेम संबंध है और दोनों मिलकर उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।







Be First to Comment