शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में मंगलवार को नेशनल हाईवे-46 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सिल्वर पार्क के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रहे कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार उछलकर वापस डिवाइडर पर पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सफेद रंग की कार (MP-07-AK-3993) गुना की ओर से आ रही थी। सिल्वर पार्क के पास चालक का कार से नियंत्रण हट गया, जिससे कार हाईवे के बीच बने डिवाइडर को पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।
दुर्घटना में शिवकुमार (पुत्र बनवारी लाल), उनकी पत्नी वर्षा तथा कार चला रहा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायल महिला वर्षा शिवपुरी निवासी हैं और शहर के सिद्धि विनायक हॉस्पिटल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं।
सूचना मिलते ही बदरवास थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पायलट हर्षवर्धन भार्गव और पुलिसकर्मी अंकेश रघुवंशी ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को तत्काल बदरवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया।








Be First to Comment