शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर पड़ौरा चौराहे के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ ट्रक सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के अगले हिस्से के दोनों पहिए टूटकर बीच की बॉडी में जा फंस गए। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक झांसी से प्लास्टिक की सीटें भरकर अहमदाबाद जा रहा था। मंगलवार दोपहर जब ट्रक कोलारस के पास एनएच-27 से गुजर रहा था, तभी ओवरटेक के दौरान अचानक सामने एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के लिए चालक ने ट्रक को तेजी से मोड़ा, जिससे ट्रक बेकाबू हो गया।
अनियंत्रित ट्रक हाईवे किनारे लगे पोल से जा टकराया। टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों पहिए टूटकर ट्रक की बॉडी में जा घुसे। जोरदार टक्कर के बाद ट्रक कुछ मीटर तक सड़क पर घिसटता हुआ चला गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने घायल चालक को ट्रक से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।








Be First to Comment