शिवपुरी। जिले में संचालित मड़ीखेड़ा बांध वाटर सप्लाई योजना में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले 8 माह से वेतन और 18 माह से भोजन मद का भुगतान नहीं मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कैलाश कुशवाह ने कलेक्टर को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है।
विधायक कैलाश कुशवाह ने अपने पत्र में बताया कि मड़ीखेड़ा बांध वाटर सप्लाई योजना में कार्यरत कर्मचारियों को लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। इससे कर्मचारियों को आर्थिक, पारिवारिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी जिले की पेयजल आपूर्ति जैसी महत्वपूर्ण सेवा में लगातार कार्य कर रहे हैं, लेकिन भुगतान लंबित रहने से उनकी स्थिति चिंताजनक हो गई है। खासकर होली जैसे त्योहार के समय वेतन न मिलने से कर्मचारियों की परेशानी और बढ़ गई है।
विधायक ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग या एजेंसी को निर्देश दिए जाएं, ताकि लंबित 8 माह का वेतन और 18 माह का भोजन भुगतान जल्द कराया जा सके तथा भविष्य में समय पर भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।








Be First to Comment