Press "Enter" to skip to content

धोवनी तिराहे पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, पटवारी सहित कई गंभीर घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। पोहरी-मोहना रोड स्थित बैराड़ क्षेत्र के धोवनी तिराहे पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद कुछ घायलों की हालत नाजुक होने पर ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार बैराड़ तहसील के भदेरा में पदस्थ पटवारी अखिलेश रावत उम्र 35 साल निवासी ग्राम सुनवई, थाना विजयपुर जिला श्योपुर अपनी ब्रेजा कार (MP31CA2044) से पत्नी कल्पना रावत उम्र 30 साल का इलाज कराने ग्वालियर जा रहे थे। कार में उनकी 7 वर्षीय बेटी काव्या रावत और साला आशीष रावत उम्र 24 साल निवासी भटनावर भी सवार थे। बताया जा रहा है कि कार आशीष रावत चला रहे थे।

जैसे ही वाहन धोवनी-बूढ़दा तिराहे के पास पहुंचा, सामने से आ रही हायराइडर कार (MP33ZG9666) से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार सड़क से नीचे उतरकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हायराइडर कार में सवार मोहित समाधिया और अनमोल शिवहरे भी हादसे में घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि ब्रेजा कार में सवार सभी लोगों की हालत गंभीर है, जबकि पटवारी अखिलेश रावत की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!