शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के मानकपुर गांव निवासी एक युवक ने अपने पिता की मौत को हत्या बताते हुए पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। युवक का आरोप है कि उसके पिता को जानबूझकर वाहन से टक्कर मारकर घायल किया गया था, जिनकी बाद में मौत हो गई।
मानकपुर निवासी मनीष जाटव पुत्र स्वर्गीय लालहरसी जाटव ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 17 जनवरी 2026 को आरोपी प्रहलाद जाटव के पुत्र विक्की जाटव ने अपनी पिकअप वाहन से उसके पिता को जानबूझकर टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना की शिकायत पुलिस थाना सिरसौद में की गई, लेकिन आरोपियों के प्रभाव के चलते पुलिस ने इसे दुर्घटना मानकर मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपियों द्वारा रिपोर्ट वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि 1 मार्च 2026 को आरोपी प्रहलाद जाटव अपने पुत्र संजय जाटव, राहुल जाटव और विक्की जाटव के साथ लाइसेंसी बंदूक लेकर उसके घर के पास पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और आरोपी प्रहलाद जाटव का हथियार लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।








Be First to Comment