शिवपुरी में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में शहर के युवाओं ने सराहनीय पहल की है। ॐ उत्थानम संस्थान के सदस्य हर सप्ताह श्रमदान कर शहर की सफाई कर रहे हैं और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
संस्थान द्वारा प्रत्येक रविवार शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में रविवार को शहर के मध्य स्थित पोलोग्राउंड में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह से ही युवाओं की टीम मैदान में पहुंची और वहां फैले प्लास्टिक, कागज सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया। इस दौरान कई स्थानीय नागरिक भी स्वेच्छा से अभियान में शामिल हुए।
संस्थान के पदाधिकारियों का कहना है कि केवल प्रशासन के भरोसे शहर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
संस्थान का उद्देश्य है कि शिवपुरी को केवल ऐतिहासिक और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए ही नहीं, बल्कि स्वच्छता के लिए भी पहचाना जाए। इसके लिए नियमित स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता रैलियां और सामाजिक सहभागिता को लगातार बढ़ाया जाएगा।
युवाओं की यह पहल शहर में सकारात्मक संदेश दे रही है कि बदलाव की शुरुआत समाज खुद भी कर सकता है।








Be First to Comment