शिवपुरी। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड, पुलिस विभाग और यूएन-वूमेन के संयुक्त सहयोग से महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन वातावरण बनाने की दिशा में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन भोपाल स्थित होटल पलाश रेसिडेंसी में 26 से 28 फरवरी 2026 तक किया गया।
“महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना” के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला में प्रदेश के 11 जिलों से स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, पर्यटन सखियाँ और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल हुए। शिवपुरी जिले से रागिनी फाउंडेशन के समन्वयक एरीस अफगानी तथा सखी महिला कल्याण समिति की ओर से कु. उर्वशी राठौर ने सहभागिता की। वहीं पुलिस विभाग की ओर से उप निरीक्षक योगेंद्र सेंगर और आरक्षक गजेंद्र जाटव ने भी जिले का प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन और पुलिस तंत्र के बीच समन्वय मजबूत कर महिला पर्यटकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद पर्यटन वातावरण तैयार करना था। कार्यशाला में गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग और पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम में इलैयाराजा टी. ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पर्यटन विकास की आधारशिला है। अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण, पुलिस-पर्यटन समन्वय और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से मध्य प्रदेश को देश के सबसे सुरक्षित पर्यटन स्थलों में स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यशाला के दौरान धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण एवं ईको-टूरिज्म, पुरातात्विक स्थल, वन क्षेत्र, साहसिक पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
समापन अवसर पर विशेष पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के पुलिस अधीक्षकों को महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और स्थानीय स्तर पर प्रभावी समन्वय विकसित करने के निर्देश दिए। प्रतिभागियों ने इस पहल को महिला सुरक्षा और सुरक्षित पर्यटन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।







Be First to Comment