शिवपुरी। महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीन अभियान की शुरुआत शनिवार को देशभर में एक साथ की गई। राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ नरेंद्र मोदी ने अजमेर से किया। जिला अस्पताल शिवपुरी में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया और इसके साथ ही जिले में भी टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया।
जिले में पहला एचपीवी टीका कृषिका, पुत्री सीपी जैन को लगाया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में नेहा यादव , रविंद्र कुमार चौधरी , गायत्री शर्मा , सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता एवं हरिओम राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा देश की आधी आबादी की सुरक्षा के लिए 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि जनभागीदारी से इस अभियान को सफल बनाकर बेटियों को सुरक्षित, सशक्त और स्वस्थ भविष्य दिया जा सकता है।
जिले में 22 हजार किशोरियों को लगेगी वैक्सीन
सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर ने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जो त्वचा और शरीर की श्लेष्म झिल्ली को संक्रमित करता है। इसके 100 से अधिक प्रकार पाए जाते हैं, जिनमें से कुछ महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का कारण बनते हैं। यह संक्रमण शुरुआती चरण में अक्सर बिना लक्षण के रहता है, लेकिन लंबे समय तक रहने पर गंभीर बीमारी का रूप ले सकता है।
उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन उन किशोरियों को लगाई जाएगी जिनकी उम्र 14 वर्ष पूरी हो चुकी है लेकिन 15 वर्ष नहीं हुई है। शिवपुरी जिले में इस आयु वर्ग की लगभग 22 हजार किशोरियां हैं। वर्तमान में जिले में 13 हजार 126 वैक्सीन उपलब्ध हैं। इस वैक्सीन की बाजार कीमत लगभग चार हजार रुपये है, लेकिन शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में यह नि:शुल्क लगाई जाएगी।
इन केंद्रों पर लगेगी वैक्सीन
जिले में एचपीवी टीकाकरण मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदरवास, करैरा, खनियाधाना, कोलारस, नरवर, पिछोर, पोहरी, बैराड़ और सतनवाड़ा में किया जाएगा। शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।







Be First to Comment