शिवपुरी। जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर शनिवार देर रात परिवहन विभाग की टीम ने स्लीपर कोच बसों के खिलाफ औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान शिवपुरी की आरटीओ रंजना भदोरिया स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और टीम के साथ बसों की सघन जांच कराई।
जांच के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा और टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। इसके साथ ही बसों में अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स तथा चालकों की यूनिफॉर्म की भी जांच की गई।
टीम ने बसों में सवार यात्रियों की संख्या भी गिनी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री न हों। जांच में जिन बसों में ओवरलोडिंग पाई गई या दस्तावेजों में कमी मिली, उन पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई।
रातभर चली इस सख्त कार्रवाई से बस ऑपरेटरों में हड़कंप मच गया। कई बस चालक जांच के दौरान अपने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करते नजर आए।
आरटीओ रंजना भदोरिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह औचक जांच अभियान जारी रहेगा।







Be First to Comment